Bhopal
सीएम राइज योजना के स्कूलों में जैव विविधता उन्मुखीकरण कार्यक्रम: विद्यार्थियों को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान का कराया भ्रमण
भोपाल। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
सी.एम.राइज़ योजना के तहत विद्यालयों में विश्वस्तरीय सुविधाओं के साथ ही विद्यार्थियों के सर्वागींण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। इस दिशा में प्रारंभिक प्रयासों की कड़ी में स्कूल शिक्षा विभाग और वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर इंडिया (डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ. इंडिया) के संयुक्त तत्वावधान में भोपाल जिले के चयनित 6 सीएम राइज योजना स्कूलों में कक्षा छठवीं से आठवीं के विद्यार्थियों के लिए जैव विविधता उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सबसे पहले चयनित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय निशातपुरा में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को पहले जैव विविधता के बारे में समझाया गया फिर भोजन अवकाश के बाद लगभग 50 विद्यार्थियों एवं 4 शिक्षकों को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में भ्रमण कराया गया। भ्रमण के दौरान सभी को वन्य प्राणियों की आवश्यकता और संरक्षण के महत्व को समझाया गया।
कार्यक्रम में डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ इंडिया के मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य कार्यालय की राज्य संचालक श्रीमती संगीता सक्सेना, जिला शिक्षा अधिकारी भोपाल श्री नितिन सक्सेना, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोविंदपुरा की प्राचार्य श्रीमती संध्या नामुंदियार, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ मध्यप्रदेश के श्री अजय मिश्रा एवं श्री शशांक दुबे शामिल रहे।
03/02/2022 03:35 PM