Bhopal
कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने पौधा रोपण कर वायुदूत एप पर फोटो अपलोड करने की अपील की: 1 मार्च को मनुआभान टेकरी पर व्यापक वृक्षारोपण होगा
भोपाल। रिपोर्टर देवेन्द्र कुमार जैन
पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने के लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मंशाअनुसार पौधारोपण को जन भागीदारी से एक महाअभियान का रूप दिया जाने के लिए अंकुर अभियान चलाया जा रहा है।
राज्य शासन ने यह निर्णय लिया है कि नागरिकों, समुदायों, शासकीय विभागों एवं स्वैच्छिक संगठनों के सहयोग से 1 से 5 मार्च 2022 में अधिकाधिक संख्या में पौधारोपण का अभियान पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा।
जिले में कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया के नेतृत्व में मनुआभान टेकरी पर व्यापक पौधारोपण शुरू किया जाएगा इसके लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
संयुक्त कलेक्टर श्री राजीव नंदन श्रीवास्तव ने बताया कि 1 मार्च को प्रातः 9.00 बजे से मनुआभान टेकरी पर आम नागरिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ बृहद स्तर पर पौधा रोपण किया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने व्यापक तैयारियां की है लगभग 500 से अधिक गड्ढे खोदे गए है जिनमे फलदार, छायादार और अनेक प्रजाति के पौधों को रोपने का काम किया जाएगा।
राज्य शासन ने हरित क्षेत्र में वृद्धि एवं पर्यावरण संरक्षण में जन-सहभागिता के माध्यम से व्यापक स्तर पर पौधारोपण हेतु शासन द्वारा अंकुर कार्यक्रम लॉन्च किया गया है।
कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण के लिये जिला स्तरीय समिति का गठन किया गया है। उक्त समिति के सदस्य अधिकारी अपने विभाग के अमले के माध्यम से अंकुर अभियान में अधिकतम सहभागिता हेतु प्रयास सुनिश्चित करें। पंजीयन हेतु *प्ले स्टोर से वायुदूत एप्प* डाऊनलोड करके अपने मोबाईल नंबर से सिटीजन लॉगिन पर पंजीकृत कर 1 मार्च से 5 मार्च के बीच कोई एक पौधा रोपित कर उसकी फोटो वायुदूत एप्प पर अपलोड करना है।
कलेक्टर श्री अविनाश लवानिया ने सभी नागरिकों समुदायों शासकीय, अशासकीय विभागों, नागरिकों एवं स्वैच्छिक संगठनों से अधिक से अधिक पंजीकरण एवं पौधा रोपण की अपील की है।
02/28/2022 01:17 PM