Aligarh
मण्डलायुक्त ने कमिश्नरी में फहराया तिरंगा, संविधान के प्रति दिलाई शपथ: 72 वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
अलीगढ़: मंगलवार 26 जनवरी को देश भर में 72 वां गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सभी सरकारी, गैर सरकारी इमारतों, कार्यालयों पर राष्ट्र ध्वज फहराया गया। प्रदेश के मा0 शिक्षा एवं वित्त राज्य मंत्री श्री सन्दीप सिंह ने पुलिस लाइन में मान प्रणाम स्वीकार किया। मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने कैम्प कार्यालय एवं कमिश्नरी कार्यालय में तिरंगा फहराया गया।
प्रत्येक वर्ष की भाँति मुख्य समारोह पुलिस लाइन में आयोजित किया गया। 72वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में तिरंगा फहराया गया। मा0 शिक्षा एवं वित्त राज्य मंत्री श्री सन्दीप सिंह ने सलामी परेड से मान प्रणाम ग्रहण किया और जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस के 71 साल पूरे होने पर बधाइयाँ दीं। पुलिस लाइन में पूर्ण भव्यता के साथ सांस्कृतिक विविधिता में एकता, अखण्डता और पुलिस बल की विभिन्न टुकड़ियों द्वारा शक्ति प्रदर्शन का अहसास कराने वाली मनोहारी झलक का प्रदर्शन किया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर विभिन्न स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा विविधिता से भरे देश भक्ति से ओत-प्रोत रंगा-रंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए।
मण्डलायुक्त गौरव दयाल ने कहा कि आज ही के दिन सन 1950 को भारत गणतांत्रिक राज्य घोषित किया गया था। इसी दिन स्वतन्त्र भारत का नया संविधान अपनाकर एक नए युग का सूत्रपात किया गया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विविधिताओं से भरा हुआ दुनिया का अपनी तरह का अलग संविधान है। स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात भारत के संविधान को अपने अस्तित्व में आने के लिए पूरे 2 साल 11 माह और 18 दिन लगे। इसके बाद संविधान 26 जनवरी 1950 को पूरे देश मे लागू हुआ। आने वाली पीढ़ी इस अनोखी विरासत को भूल न जाय, इसलिए प्रतिवर्ष राष्ट्रीय आयोजन किये जाते हैं। मण्डलायुक्त ने कहा कि सभी को संविधान का अध्ययन अवश्य करना चाहिए। संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों के साथ कर्तव्यों को ध्यान में रखते हुए समाज को शासकीय सेवाओं का लाभ देना चाहिए। अपर आयुक्त प्रशासन शमीम अहमद ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को संविधान को आत्मार्पित करते हुए कार्य करने की नसीहत देते हुए गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
कार्यक्रम में अपर आयुक्त न्यायिक कंचन शरण, मण्डलीय अर्थ संख्याधिकारी एवं प्रभारी संयुक्त विकास आयुक्त अनुला वर्मा, उपायुक्त खाद्य मदन यादव, अध्यक्ष बार एसोशिएशन शैलेन्द्र पचैरी, सचिव बार एसोशिएशन प्रान्त गौरव द्वारा संविधान की खूबियों के बारे में बताया गया। कार्यक्रम में पूर्व माध्यमिक विद्यालय लोधा की छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय रजा नगर की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीत की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति दी गयी। मण्डलायुक्त ने सराहनीय कार्यों के लिए सहायक अध्यापिका ललिता वर्मा, जयमाला ठाकुर एवं प्रधानाचार्या नीलम शर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं बच्चों को पुरस्कार एवं मिठाईयां वितरित कीं।
01/26/2021 08:43 PM