Aligarh
नमाज पढ़कर लौट रहे दर्जी की गोली मारकर हत्या, आरोपी एक पकड़ा दो फरार: थाना क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह की घटना, अवैध संबंध का हो सकता मामला।
अलीगढ़: महानगर के क्वार्सी क्षेत्र के नगला मल्लाह इलाके में एएमयू में दर्जी का काम करने वाले युवक की शुक्रवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वह मोहल्ले की मस्जिद से नमाज पढ़कर पैदल घर लौट रहा था। हमलावर भी उसके पीछे पैदल ही लगे हुए थे। घटना के बाद भाग रहे एक आरोपी को लोगों ने घेरकर दबोच लिया और जमकर पीटा। पुलिस जांच पड़ताल में जुटी है और सीसीटीवी भी देखे जा रहे हैं। प्रथमदृष्टया अवैध संबंधों में हत्या का मामला लग रहा है। वहीं परिवार कारणों को लेकर अंजान है। लोगों की पिटाई में घायल हुए हमलावर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना को क्वार्सी के नगला मल्लाह में ही टेलरिंग की दुकान चलाने सरफुद्दीन अब्बासी के दो बेटे व दो बेटियों में सबसे बड़ा 20 वर्षीय सलमान अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) में दर्जी की नौकरी करता था। हत्या का वाकया शाम करीब छह बजे का है। मोहल्ले की मस्जिद में नमाज पढ़कर सलमान पैदल घर लौट रहा था। उसके पीछे चल रहे तीन युवकों ने घर से चंद कदम पहले उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी। इस दौरान पीछे से दो गोलियां चलाईं, जिनमें से एक कंधे के रास्ते सीने में जा धंसी। इसके बाद हमलावर भागने लगे। फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। कुछ कदम आगे ही एक गमी होने के कारण वहां भीड़ जमा थी। उस भीड़ ने भागते एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि दो भाग गए। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। जख्मी होकर गिरे सलमान को जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। खबर पर सीओ तृतीय अनिल समानिया, एसएसआई क्वार्सी चंचल सिरोही आदि पहुंच गए। मौके पर सीसीटीवी देखे गए। पकड़े गए हमलावर की पहचान शाकिर पुत्र बाबू खां निवासी जमालपुर हमदर्द नगर के रूप में हुई है। जो पेशे से टिर्री चालक है।
अनिल समानिया, सीओ तृतीय ने बतायाा कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। उनमें कुछ सुराग मिल रहे हैं। हत्या के पीछे अवैध संबंधों के होने की बात प्रतीत हो रही है। जांच के बाद हत्या की असली वजह स्पष्ट होगी। परिवार से भी जानकारी जुटाई जा रही है। लोगों द्वारा पीटे गए हमलावर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
11/21/2020 04:59 AM