Delhi
दिल्ली में 16 साल की साक्षी की बेरहमी से हत्या करने वाला साहिल कौन है?: 5 पॉइंट्स में जानिए।
दिल्ली।
दिल्ली में 16 साल की साक्षी की बेरहमी से हत्या करने वाला साहिल कौन है? 5 पॉइंट्स में जानिए।
रोहिणी के शाहबाद डेयरी इलाके में लड़की की खौफनाक तरीके से हत्या कर दी गई। वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज इतनी भयावह है कि कलेजा कांप जाए! साहिल (20) नाम के युवक पर खून सवार था। उसने 16 साल की साक्षी को चाकुओं से गोद डाला। एक वार तो ऐसा था जो बदन में धंस गया और चाकू के साथ पूरा शरीर खिंचा चला आया। एक संकरी गली में उस वक्त कई लोग गुजर रहे थे। किसी ने सिरफिरे को रोका नहीं। 20 से ज्यादा बार चाकू मारने के बाद भी साहिल का दिल नहीं भरा। उसने एक पत्थर उठाया और दनादन वार करने लगा। मिनट भर की बर्बरता के बाद साहिल वहां से चला गया। कुछ पल बाद लौटा और एक बड़ा सा पत्थर उठाकर फिर साक्षी के बेजान जिस्म पर मारने लगा। इतनी भयावह घटना है कि फुटेज देखकर लोगों का दिल कांप जा रहा है। पुलिस अभी साहिल की तलाश में जुटी है।
दिल्ली में खौफनाक मर्डर की पूरी कहानी
मृतका साक्षी यहीं शाहबाद डेयरी के ई ब्लॉक में रहती थी। वह अपनी दोस्त के साथ जन्मदिन की पार्टी में जाने वाली थी। साक्षी उसी दोस्त को बुलाने उसके घर आई थी। वह घर के बाहर खड़ी होकर इंतजार कर रही थी। तभी साहिल वहां आया। पुलिस के अनुसार, दोनों एक रिलेशनशिप में थे। घटनास्थल पर उनकी किसी बात पर लड़ाई हुई। साहिल ने चाकू निकाला और साक्षी पर धावा बोल दिया। साक्षी गली में गिर गई। इसके बाद तो साहिल पर जैसे शैतान सवार हो गया। उसने एक के बाद चाकू से कई वार किए। जब बदन छलनी करके मन नहीं भरा तो पत्थर उठा लिया और शव को कुचलता रहा। फिर वहां से फरार हो गया। वीडियो फुटेज में दिख रहा है कि पूरी वारदात के दौरान वहां से कई लोग गुजरे मगर किसी ने लड़की को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद साक्षी के परिजनों को सौंप दिया।
कौन है साक्षी का बेरहमी से कत्ल करने वाला साहिल?
20 साल का साहिल पेशे से एसी मैकेनिक है।
साहिल और 16 साल साक्षी एक-दूसरे को पहले से जानते थे।
पुलिस के अनुसार, साहिल और साक्षी एक रिश्ते में थे।
साक्षी शाहबाद डेयरी के ई ब्लॉक में अपनी दोस्त का इंतजार कर रही थी।
साहिल के पिता सरफराज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
स्वाति मालीवाल, DCW प्रमुख ने कहा
मैंने इतना डराने वाला केस कभी नहीं देखा। दिल्ली महिलाओं और बच्चियों के लिए बहुत ही असुरक्षित और असंवेदनशील है। जिस दिन इस देश की पुलिस व्यवस्था सुधर जाएगी उस दिन किसी की हिम्मत नहीं होगी कि किसी भी महिला या बच्ची के खिलाफ कुछ भी कर जाए, आज जो हो रहा है वे पूरी तरह से कानून व्यवस्था की असफलता को दर्शाता है।
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, 'दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। LG साहब, कानून व्यवस्था आपकी जिम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।'
05/29/2023 05:30 PM