Crime
मथुरा। जन चौपाल में जा रहे भाजपा नेता तेजवीर सिंह का ग्रामीणों ने किया पथराव: खींचतान के बीच लोगों ने ढेलों से पथराव कर दिया, मची अफरातफरी।
मथुरा। मथुरा जिले के बलदेव में यूपी कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन चौधरी तेजवीर सिंह का घेराव करते हुए किसानों ने कृषि कानून वापस कराने के लिए आवाज बुलंद की। इस दौरान भीड़ ने भाजपा के पूर्व सांसद के काफिले पर ईंट-पत्थर भी फेंके। आधे घंटे घेरे हुए किसानों ने चेयरमैन के सामने भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने 'वापस जाओ, वापस जाओ' के नारे लगाए।
थाना बलदेव पुलिस के पहुंचने के बाद ही किसान हट सके। इसके बाद चेयरमैन पटलौनी में किसान चौपाल में शामिल होने के लिए गए। कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों में आक्रोश को शांत कराने के लिए भाजपा किसान चौपाल लगा रही है। जनपद में जगह-जगह चल रही किसान चौपालों को भाजपा के वरिष्ठ नेता संबोधित कर रहे हैं। गुरुवार की दोपहर यूपी कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन चौधरी तेजवीर सिंह बलदेव विधानसभा क्षेत्र के गांव पटलौनी में किसान चौपाल को संबोधित करने के लिए जा रहे थे।
यहां पंचायत में भाजपा नेता ने किसानों को कृषि कानून के फायदे गिनाए। भाजपा नेताओं को कृषि कानून को लेकर यह पहला विरोध नहीं झेलना पड़ा। बल्कि गोवर्धन के भाजपा विधायक कारिंदा सिंह को भी गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव सोन में विरोध झेलना पड़ा था और उनके खिलाफ प्रदर्शन और नारेबाजी की गई थी। यूपी कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन चौधरी तेजवीर सिंह का कहना है कि किसान विरोध कर रहे थे, समझाया नहीं माने तो पुलिस पहुंची।
03/19/2021 05:41 PM