Crime
पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष को किया गिरफ्तार, छात्रवृत्ति घोटाले का है आरोपी: आर्थिक अपराध शाखा ने युवराज सिंह को गिरफ्तार किया।
हाथरस: सिकंदराराऊ कोतवाली पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष युवराज सिंह यादव को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने रविवार देर रात को छात्रवृत्ति घोटाले के आरोप में उन्हें गिरफ्तार किया है।
कानपुर की आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने सपा जिलाध्यक्ष युवराज यादव सीजेएम कोर्ट में पेश किया l वहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद टीम सपा जिलाध्यक्ष को अपने साथ मेरठ ले गई है l अब सपा जिलाध्यक्ष को मेरठ की एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा l
कई दिनों से युवराज सिंह यादव की आर्थिक अपराध शाखा को तलाश थी। पुलिस ने रविवार की मध्य रात्रि को घर से उन्हें गिरफ्तार किया। स्थानीय पुलिस ने युवराज की गिरफ्तारी के बाद इसकी सूचना आर्थिक अपराध शाखा को दे दी है। सपा जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी के बाद किसी तरह का कोई हंगामा न हो जाए, इसके चलते गिरफ्तारी के बाद सपा जिलाध्यक्ष युवराज यादव को सिकंदरराऊ पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच हाथरस जंक्शन थाने भेज दिया। वहां कुछ सपाई पहुंचे भी, लेकिन पुलिस ने इन्हें उनसे मिलने नहीं दिया।
युवराज सिंह यादव पुत्र होडल सिंह निवासी रतिभानपुर थाना सिकंदराराऊ के खिलाफ सिकंदराराऊ कोतवाली में वर्ष 2008 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसकी विवेचना आर्थिक अपराध शाखा कानपुर इकाई कर रही है। इसमें युवराज सिंह यादव सहित 18 लोग आरोपी हैं।
जिला अध्यक्ष पर अनुसूचित जाति के छात्रों की लाखों की छात्रवृत्ति हड़पने का आरोप है। आर्थिक अपराध शाखा पहले भी इनकी गिरफ्तारी के लिए दबिशें दे चुकी थी। सपा जिलाध्यक्ष के निवास पर मुनादी भी कराई जा चुकी है। सपा जिलाध्यक्ष युवराज सिंह यादव के भाई व पूर्व ब्लॉक प्रमुख रवि यादव को इस मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
इस मामले में सीओ सिकंदराराऊ ने बताया कि ईओडब्लू के विवेचक द्वारा थाना सिकंदराराऊ में गिरफ्तारी तहरीर दी थी। इसी सिलसिले में यह गिरफ्तारी की गई है। ईओडब्लू की टीम के आने का इंतजार है।
12/07/2020 03:17 PM