Aligarh
अलीगढ़ स्कूल बस हादसा: माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल संचालक पर मुकदमा,: वंदना सिंह सहित तीन आरटीओ अधिकारी निलंबित।
अलीगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर… स्कूल बस हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल संचालक पर मुकदमा दर्ज कराया है और आरटीओ विभाग के तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। आइए आपको पूरी खबर विस्तार से बताते हैं।
अलीगढ़ के गंगीरी चौराहे पर हुए दर्दनाक स्कूल बस हादसे ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। एक मासूम छात्रा की जान चली गई, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों ने मौके पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जिस स्कूल बस से हादसा हुआ, उसका बीमा और परमिट दोनों एक्सपायर पाए गए। यह लापरवाही सीधे तौर पर बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ मानी जा रही है। मामले में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए माउंट देव इंटरनेशनल स्कूल के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिर्फ स्कूल प्रबंधन ही नहीं, परिवहन विभाग की कार्यशैली भी सवालों के घेरे में आ गई है। सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ विभाग के तीन अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
तत्कालीन संभागीय निरीक्षक अलीगढ़ चंपालाल को निलंबित किया गया है।
आरटीओ प्रवर्तन अधिकारी वंदना सिंह को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
इसके साथ ही एआरटीओ प्रवर्तन अधिकारी पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
सरकार का मानना है कि यदि समय पर जांच और प्रवर्तन की कार्रवाई होती तो शायद यह हादसा टल सकता था। परिवहन विभाग की लापरवाही और भ्रष्ट तंत्र की अनदेखी ने एक मासूम की जान ले ली।
हादसे के बाद जिला प्रशासन और परिवहन विभाग पर भारी दबाव बना हुआ है। इसी के चलते सरकार ने जिले के सभी स्कूल वाहनों की सघन जांच अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। अब हर स्कूल बस के फिटनेस, परमिट, बीमा और ड्राइवर के लाइसेंस की गहन जांच की जाएगी।
शासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोषी चाहे स्कूल प्रबंधन हो या विभागीय अधिकारी, सभी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अलीगढ़ की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन का यह सख्त रुख जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाता है, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
EXPOSED NEWS,
03/01/2026 07:29 PM


















