Aligarh
जिला न्यायालय अलीगढ़ में विश्व जागरूकता कार्यक्रम और वृक्षारोपण अभियान का आयोजन:
अलीगढ़, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला न्यायालय, अलीगढ़ में ‘MEDICS’और प्रोजेक्ट उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन संस्था के तत्वावधान में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम एवं वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला न्यायालय के मीटिंग रूम में संपन्न हुआ, जिसमें न्यायिक अधिकारियों, शिक्षाविदों और पर्यावरणविदों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री हर विंद्र सिंह द्वारा तुलसी, नीम जैसे औषधीय पौधों के वैज्ञानिक महत्व पर चर्चा से हुई। उन्होंने इन पौधों को न काटने के पीछे के वैज्ञानिक कारणों और उनसे जुड़ी जनधारणाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से स्पष्ट किया।
प्रमुख वक्ता प्रोफेसर ए.एम. सिद्दीकी ने पर्यावरणीय संकट की गंभीरता पर प्रकाश डालते हुए जलवायु परिवर्तन, भूमि क्षरण, और मानवीय गतिविधियों से उत्पन्न पर्यावरणीय असंतुलन पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने मिशेल सेरेस जैसे फ्रांसीसी दार्शनिकों के सिद्धांतों के माध्यम से मनुष्य और प्रकृति के संबंध को दार्शनिक दृष्टिकोण से समझाया। साथ ही, उन्होंने ए.एम.यू. भूगोल विभाग द्वारा लॉन्च किए गए GPS बैलून का उल्लेख करते हुए वास्तविक समय में पर्यावरणीय डेटा संकलन की बात कही।
प्रोफेसर विभा शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस की वर्तमान प्रासंगिकता और इसकी आवश्यकता को रेखांकित किया। उन्होंने पर्यावरणीय मानविकी की विशेषज्ञ मार्गरेट के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए बताया कि मानव सभ्यता की शुरुआत आपसी देखभाल से हुई थी, लेकिन वर्तमान में वही मानव पर्यावरण के लिए संकट बन चुका है। उन्होंने प्लास्टिक के दुष्परिणाम, घर में उपयोग में लाने वाले विकल्प, और न्यायिक क्षेत्र में पर्यावरणीय विषयों पर विशेषज्ञता की आवश्यकता पर भी बल दिया।
-एमएसीटी जे.एस. पुंडीर ने पशु संरक्षण, स्वास्थ्य सुरक्षा एवं पर्यावरणीय जागरूकता पर विचार साझा किए।
प्रिंसिपल जज, फैमिली कोर्ट, श्री आर.डी. सिंह ने रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए पर्यावरणीय संतुलन की सांस्कृतिक महत्ता को रेखांकित किया और छोटे स्तर पर किए जाने वाले प्रयासों — जैसे रीसायक्लिंग और ऊर्जा संरक्षण — को जरूरी बताया।
डिस्ट्रिक्ट जज श्री अनुपम कुमार ने सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं और वृक्षारोपण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
एडीजे प्रथम श्री हरविंदर सिंह ने अंत में सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया और “गंगा दिवस” की याद दिलाई।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. ए.एम. सिद्दीकी और प्रो. विभा शर्मा को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके उपरांत सभी अतिथियों के लिए चाय-विश्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का समापन जिला न्यायालय के कंट्रोल रूम में वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ, जिसमें सभी उपस्थितजनों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रकट की।
प्रोजेक्ट उम्मीद वेलफेयर फाउंडेशन से एडवोकेट नदीम अंजुम, आदिल जवाहर,सरताज आलम, उमैर, नबीला आदि लोग मौजूद रहें
06/05/2025 03:09 PM