Exposed News
सोलन नगर निगम में कांग्रेस का कब्जा, भाजपा की करारी हार: अग्निपरीक्षा में सफल हुए कांग्रेस प्रत्याशी, पूनम ग्रोवर मेयर और राजीव कौड़ा बने डिप्टी मेयर।
सोलन : नगर निगम चुनावों के बाद शुक्रवार को नगर निगम सोलन में भी मेयर का चुनाव हो गया है। सोलन नगर निगम में कांग्रेस ने कब्जा कर लिया है और पूनम ग्रोवर यहां की मयेर चुनी गई है। वहीं राजीव कौड़ा डिप्टी मेयर बने हैं। सोलन नगर निगम में मेयर के चुनाव के दौरान भाजपा को क्रॉस वोटिंग की उम्मीद थी, परंतु उसकी उम्मीदों को झटका लगा और कांग्रेस ने नगर निगम सोलन पर अपना कब्जा जमा लिया। जिला प्रशासन की अध्यक्षता में मेयर, डिप्टी मेयर का चुनाव हुआ।
नगर निगम सोलन में बहुमत के बावजूद कांग्रेस के लिए अपना मेयर और डिप्टी मेयर बनाना किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं था। कई दिनों से पार्षदों की सदस्यता को लेकर जोड़-तोड़ चल रही थी। कांग्रेस की जीती बाजी को पलटने के लिए भाजपा भी पूरी ताकत लगा रही थी। भितरघात के डर से कांग्रेस ने अपने 9 पार्षदों को शिमला के समीप शोघी स्थित रिसॉर्ट में ठहराया था। खुफिया कर्मी इन पार्षदों को ढूंढते भी रहे।
कोई कहे कि पार्षद शोघी के रिसॉर्ट में हैं जहां का उन्होंने फोटो भी शेयर किया, तो कोई कहे कि वे मशोबरा में हैं। यह पहेली ही बनी रही। सूत्रों के अनुसार सीएम कार्यालय के अधिकारी भी इसमें दिलचस्पी दिखाते रहे। पार्षद रिसॉर्ट के बाहर फोटो खिंचवाते रहे। मंगलवार को सोलन में हुए शपथ समारोह में भाजपा का कोई भी पार्षद नहीं पहुंचा था। कांग्रेस ने अपने सभी पार्षदों को शपथ दिलाकर फिर से शोघी स्थित एक रिसॉर्ट में नजरबंद कर दिया था। यहां किसी भी बाहरी व्यक्ति को आने की अनुमति नहीं थी।
04/16/2021 10:49 AM